कैराना

रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला पर बलकटी से हमला

किशोरी की तीन उंगलियां कटीं

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो 
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव मलकपुर में रास्ते के विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी भतीजी की तीन उंगलियां कट गईं। दोनों घायलों का उपचार पानीपत के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव मलकपुर निवासी गुफरान पुत्र यूनुस ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है और अधिकांश समय हरियाणा में रहता है। आरोप है कि 19 मई की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गांव के ही सद्दाम और उसकी पत्नी सन्नो उसके घर पहुंचे तथा रास्ते को लेकर उसकी पत्नी सीमा और भतीजी मुस्कान से कहासुनी करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान सद्दाम अपने घर से बलकटी लेकर आया, जबकि सन्नो के हाथ में लाठी थी। आरोपियों ने दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया। हमले में सीमा के सिर, गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि मुस्कान के हाथ पर धारदार हथियार लगने से उसकी तीन उंगलियां कटकर अलग हो गईं। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिलाओं को तुरंत उपचार के लिए हरियाणा के पानीपत स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। पीड़ित गुफरान ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button