मथुरा

कोसीकलां में लेनदेन विवाद बना जानलेवा, बुजुर्ग की मौत, पुलिस बल तैनात

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
मथुरा। कोसीकलां में निकासा के नब्बे घर मुहल्ले में राशिद पक्ष के घर शादी का माहौल था। चचेरे भाई सइम की सोमवार को आगरा बरात जानी थी। इसको लेकर तैयारियां चल रही थीं। दोपहर करीब दो बजे राशिद ने पड़ोसी नईम से पुराने लेनदेन को लेकर तगादा कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में विवाद ने विकराल रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों के समर्थक मौके पर जुट गए और लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। इसके बाद जमकर पथराव हुआ। मुहल्ले की गलियां पत्थरों से पट गईं और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। बवाल के कारण पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। संघर्ष में कादिर समेत कई लोग घायल हुए। गंभीर घायल कादिर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। लोगों ने पुलिस की गाड़ी को रोककर हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का कहना था कि यदि शुरुआती विवाद के दौरान पुलिस हस्तक्षेप करती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। स्थिति बिगड़ती देख कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह आसपास के थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपित पक्ष के घरों पर दबिश दी, लेकिन सभी घर छोड़कर फरार मिले। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपित घरों की कई महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तनाव को देख मुहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि स्वजन की ओर से प्रार्थना-पत्र मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज व वीडियो से पथराव करने वाले चिन्हित किए जा रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button