
DG कारागार का बड़ा एक्शन, वरिष्ठ अधीक्षक के खिलाफ शासन को भेजी गई रिपोर्ट
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। सेंट्रल जेल से उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी दिनेश के फरार होने के मामले में कारागार विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। DG कारागार पीसी मीना ने लापरवाही बरतने पर जेलर नीरज कुमार समेत 7 अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सोमवार को बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल जेल से दोषसिद्ध बंदी दिनेश पुत्र अरविंद फरार हो गया था। वह अमरोहा जिले के नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली का रहने वाला है। दिनेश पिछले 6 साल से बरेली सेंट्रल जेल में बंद था। उसे बिजनौर में पॉक्सो एक्ट के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। जानकारी के मुताबिक, कैदी को विशेष पर्ची पर काम के लिए बाहर निकाला गया था, तभी वह सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
DG कारागार पीसी मीना ने घटना के कुछ ही घंटे बाद सख्त रुख अपनाया। निलंबित होने वालों में शामिल हैं:
1. जेलर नीरज कुमार
2. डिप्टी जेलर
3. हेड वार्डर
4. 4 अन्य कर्मचारी – इनमें 5 जेल वार्डर शामिल हैं
इसके साथ ही वरिष्ठ अधीक्षक के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। DIG जेल से पूरे मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट तलब की गई है। विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
DG का सख्त संदेश
DG कारागार ने स्पष्ट किया है कि जेल सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में यह भी देखा जाएगा कि सुरक्षा में चूक कहां हुई और किस स्तर पर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
पहले भी हो चुका हादसा
गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में भी सेंट्रल जेल के फार्म हाउस से हत्या के दोषी कैदी हरपाल फरार हुआ था। तब जेलर नीरज कुमार ने ही FIR दर्ज कराई थी और वार्डर अजय कुमार को सस्पेंड किया गया था। लेकिन इस बार लापरवाही को गंभीर मानते हुए जेलर पर भी कार्रवाई हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया है ,फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार कैदी दिनेश की तलाश में जुटी हैं।



