शामली पुलिस का दिनभर चला अभियान
234 वाहनों के चालान, अवैध हथियारों के साथ तीन गिरफ्तार, छह वारंटी भी दबोचे
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। जनपद में मंगलवार को शामली पुलिस ने अपराध एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। यातायात अभियान के दौरान कुल 234 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 182 बिना हेलमेट वाहन चालक शामिल रहे।
वहीं कोतवाली शामली पुलिस ने एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया, जबकि थाना थानाभवन एवं आदर्शमंडी पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध तमंचों सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दूसरी ओर थाना कांधला पुलिस ने अभियान चलाकर छह वारंटी एवं एनबीडब्ल्यू अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
इसी दिन साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत लोगों को डिजिटल ठगी से बचाव की जानकारी दी गई, जबकि “ऑपरेशन सवेरा” के अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।
उधर पुलिस अधीक्षक ने सेवा पूरी करने वाले चार उपनिरीक्षकों और एक मुख्य आरक्षी को सम्मानपूर्वक विदाई दी। वहीं प्रभावी पैरवी के चलते दो अलग-अलग मामलों में न्यायालय ने दो अभियुक्तों को सजा एवं अर्थदंड से दंडित किया। शाम को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार मुजफ्फरनगर का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था और बंदियों की सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

