शामली
गेहूं की खड़ी फसल जोतकर नष्ट करने का आरोप, विरोध पर किसान को बंधक बनाकर पीटा
दथेडा में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, चार लोगों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना, शामली। दथेडा गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद के दौरान गेहूं की खड़ी फसल ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने और विरोध करने पर किसान को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई और अपनी जमीन व फसल की सुरक्षा की मांग की है।
दथेडा निवासी तरुण कुमार पुत्र विनोद ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसने अपने भाई अरुण कुमार के साथ 14 फरवरी 2024 को ग्राम शामली शामला के रकबे में स्थित खसरा नंबर 24 में से 0.3757 हेक्टेयर भूमि विधिवत बैनामा कराकर खरीदी थी। भूमि खरीदने के लिए नियमानुसार स्टांप शुल्क भी अदा किया गया था। तभी से दोनों भाई जमीन पर काबिज होकर खेती करते आ रहे हैं। वर्तमान में खेत में गेहूं की फसल बोई हुई थी।
तरुण का आरोप है कि बीती रात गांव के अजय कुमार पुत्र बाबू सिंह, सुशील पुत्र ओमप्रकाश, कुलदीप पुत्र ईश्वर और सोनू पुत्र जयपाल ने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर उसकी गेहूं की खड़ी फसल नष्ट कर दी। सुबह खेत पर पहुंचने पर उसे फसल बर्बाद मिली और पूरा खेत जुता हुआ था।
आरोप है कि इसी दौरान चारों आरोपी लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे पकड़कर बंधक बना लिया और जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी।
शोर सुनकर विनोद पुत्र रिशाल सिंह, विष्णु पुत्र जिले सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से छुड़ाया। इसके बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जमीन व फसल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।


