गाजियाबाद

लोनी के गढ़ी जस्सी व अशोक नगर में 10 दिन से बिजली गुल

ग्रामीणों ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर लगाया जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगरपालिका के वार्ड संख्या 39 स्थित गढ़ी जस्सी गांव और अशोक नगर के लोगों का धैर्य रविवार को उस समय जवाब दे गया, जब लगातार दस दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के विरोध में ग्रामीणों ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर पहुंचकर जाम लगा दिया। यह क्षेत्र रामेश्वर पार्क बिजलीघर के अंतर्गत आता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र का 400 केवीए क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले दस दिनों से फुंका हुआ है, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद उसे बदला नहीं गया। बिजली न होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
बिजली संकट के कारण बच्चे भीषण गर्मी में पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, वहीं बुजुर्ग और मरीज बिना पंखे व कूलर के अत्यधिक परेशानी झेल रहे हैं। क्षेत्र में पीने के पानी का भी गंभीर संकट पैदा हो गया है, क्योंकि अधिकांश घरों में पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं। दैनिक घरेलू कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं।
इसका असर किसानों पर भी पड़ा है। बिजली न होने से पशुओं के चारे की कटाई नहीं हो पा रही, जिससे पशुपालकों और किसानों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे व्यापारियों और दुकानदारों का काम भी प्रभावित हुआ है, जबकि मोबाइल चार्जिंग, घरेलू उपकरणों और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव में लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान सड़क के एक ओर पहले से चल रही खुदाई और दूसरी ओर लगाए गए जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों की उपखंड अधिकारी से वार्ता कराई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शाम तक फुंका हुआ ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। समाचार लिखे जाने तक टांसफार्मर मौके पर पहुच जाने की खबर है
धरने का नेतृत्व सिद्धार्थ बैंसला ने किया। इस दौरान राहुल बैंसला, जितेंद्र बैंसला, रामजीत गौतम, हैप्पी कसाना, आर्यन गुर्जर, संदीप, भरत, कालू सहित कई दर्जन ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button