
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। नगर परिषद में चल रही सफाई कर्मियों की हड़ताल आपसी वार्ता के बाद समाप्त हो गई। इस अवसर पर नगर परिषद के अध्यक्ष सुशील रामानी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि अशोक तिवारी, कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद अग्रवाल, वार्ड पार्षद सौरभ परासर उर्फ बच्चू झा (वार्ड संख्या-02), वार्ड संख्या-10 के शंकर झा, वार्ड संख्या-08 के पार्षद प्रतिनिधि अनिल मेहतर, वार्ड संख्या-12 के प्रतिनिधि धर्मेंद्र हजरा, वार्ड संख्या-20 के प्रतिनिधि महबूब अंसारी सहित अन्य पार्षद प्रतिनिधि एवं सभी सफाई कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में सफाई कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, समय पर वेतन भुगतान तथा अन्य लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पक्षों ने कर्मियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करने पर सहमति व्यक्त की। अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया कि मानदेय वृद्धि एवं अन्य मांगों पर आवश्यक प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी तथा सभी समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सुमेशर मेहतर, अविनाश कुमार, सुमन कुमार एवं दीपक कुमार की उपस्थिति में हड़ताल समाप्त कराने की प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके उपरांत सभी सफाई कर्मियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की। अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित रूप से सफाई कार्य प्रारंभ कर दिया।
इस अवसर पर सभी सफाई कर्मियों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि, कार्यपालक पदाधिकारी, उपस्थित वार्ड पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल किए जाने से उन्हें विश्वास मिला है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। नगर परिषद ने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी संवाद, सहयोग एवं समन्वय से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।



