सरायकेला-खरसावां

JSSC-PGT नियुक्ति पत्र दिलाने के नाम पर 10 लाख की घूस मांगने वाला आरक्षी गिरफ्तार

Constable arrested for demanding a bribe of ₹10 lakh in exchange for securing a JSSC-PGT appointment letter.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
सरायकेला-खरसावां: झारखंड में शिक्षक नियुक्ति के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में JSSC-PGT शिक्षक नियुक्ति पत्र दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की घूस मांगते हुए एक आरक्षी को ग्रामीणों ने रंगेहाथों पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरक्षी की पहचान रांची निवासी सुशील कुमार के रूप में हुई है, जो J.A.R.F.-05 कंपनी में आरक्षी के पद पर कार्यरत है। चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि 9 जुलाई 2026 को आरोपी सुशील कुमार चौका थाना क्षेत्र के बड़ामटांड़ निवासी देवीलाल साव के घर पहुंचा था। वह उनकी पुत्री को JSSC-PGT का नियुक्ति पत्र दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की घूस लेने आया था। मामले की जानकारी मिलते ही देवीलाल साव के रिश्तेदार गुरुचरण साव तथा स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा आरोपी के झोले की तलाशी लेने पर JSSC-PGT के दो एडमिट कार्ड, दो मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आवेदकों के कंप्यूटरीकृत विवरण की प्रतियां, उच्च न्यायालय के आदेश की एक प्रति, छह ब्लैंक चेक, एक आधार कार्ड तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस मामले में चौका थाना कांड संख्या 27/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है तथा इस षड्यंत्र में शामिल अन्य संभावित सह-अभियुक्तों की तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद इस फर्जी नियुक्ति रैकेट से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे भी हो सकते हैं।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button