
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रमाला/बड़ौत। रमाला थाना क्षेत्र के बराल–पुसार मार्ग पर मंगलवार को इब्राहिमपुर माजरा रेलवे फाटक के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद बड़ौत के सरकारी अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जनपद के हरसौली गांव निवासी बाबू पुत्र कल्लू पशुओं के पैरों में खुर लगाने का कार्य करता था। मंगलवार को वह अपनी बाइक से बराल से पुसार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह इब्राहिमपुर माजरा रेलवे फाटक के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाबू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौत पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने हादसे पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया तथा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।



