शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में नशामुक्ति सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। शासन के निर्देशानुसार संचालित नशामुक्ति सप्ताह के अंतर्गत आज दिनांक 16 जुलाई 2026 को शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित करता है। युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, योग एवं नैतिक मूल्यों को अपनाएँ, तो एक स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है। प्रत्येक विद्यार्थी का यह दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करे।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी उपस्थित विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सदैव नशे से दूर रहने तथा जन-जागरूकता फैलाने की शपथ ली।



