बागपत

डिवाइन ग्लोबल एकेडमी ने पूर्व छात्राओं का किया भव्य सम्मान

छात्र-छात्राओं को दिया सफलता का मंत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बड़ौत। डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में सोमवार को विद्यालय की दो गौरवशाली पूर्व छात्राओं—चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में माइक्रोबायोलॉजी की यूनिवर्सिटी टॉपर किरण तोमर तथा सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता स्वाति अहलावत—के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दोनों पूर्व छात्राओं को स्मृति चिन्ह, उपहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के.के. त्यागी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में उच्च मुकाम तक पहुँचाने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि किरण तोमर और स्वाति अहलावत की उपलब्धियाँ डिवाइन ग्लोबल एकेडमी के लिए गौरव का विषय हैं और वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इनकी सफलता से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रबंधक दिनेश शर्मा ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए इससे बड़ा सम्मान नहीं हो सकता कि उसके पूर्व छात्र-छात्राएँ देश के प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहराएँ। उन्होंने कहा कि दोनों छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय का नाम रोशन किया है।
पूर्व एसआई ओमबीर तोमर ने कहा कि सफलता प्रतिभा के साथ-साथ निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम होती है। वहीं रंछाड़ के पूर्व प्रधान देवेंद्र तोमर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों का शिक्षा और न्याय जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।
सम्मानित छात्राओं किरण तोमर एवं स्वाति अहलावत ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय को दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह तोमर, सुधीर तोमर, श्रीनिवास तोमर, विनोद तोमर, कृष्ण तोमर, अमित जांगिड़, राजकुमार शर्मा, रीतू तोमर, विजय वत्स, हरेंद्र सिंह, दीपक लशकरी, राखी शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button