शामली
नशे की नींद में सोता रहा परिवार, दुल्हन समेट ले गई जेवर, नकदी और मोबाइल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव शामली शामला में एक नवविवाहिता पर परिवार के लोगों को खाने में नशीला पदार्थ देकर लाखों रुपये के गहने, नकदी और मोबाइल लेकर फरार होने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर मेडिकल परीक्षण कराते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। वही पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चौसाना चौकी क्षैत्र के गांव शामली शामला निवासी मनीष पुत्र महाराज सिंह ने पुलिस को शिकायत करते हुए बताया कि उसकी शादी बीते जून माह में सोनभद्र जिले के पीपरी तुर्रा निवासी खुशबू पुत्री पृथ्वीनाथ के साथ हुई थी। आरोप है कि बीती रात्रि खुशबू ने सुनियोजित तरीके से परिवार के सभी लोगों को खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे माता-पिता, भाई, बहन, ताऊ-ताई समेत कई सदस्य बेहोश हो गए। पीडित पति मनीष ने बताया कि सुबह उठने पर उसे भी नशे की हालत महसूस हुई। घर का सामान बिखरा पड़ा था और पत्नी घर से गायब थी। आरोप है कि घर में रखे सोने-चांदी के गहने, कीमती कपड़े, एक सैमसंग का कीमती मोबाइल और 37,500 रुपये की नकदी गायब मिली। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
पीड़ित का आरोप है कि शादी कराने वाले बिचौलिए अजय पुत्र चंद्रपाल निवासी हुसैनपुर बोपाड़ा, जिला मुजफ्फरनगर तथा दुल्हन के माता-पिता ने मिलकर ठगी और साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया। साथ ही आरोप है कि बिचौलिया पिछले कुछ दिनों से शादी कराने के एवज में पैसों की मांग कर रहा था। मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस से परिवार के सभी सदस्यों का मेडिकल परीक्षण कराने, मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। चौसाना पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है।

