चंदा चोरी और खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, डीडीसी को सौंपा ज्ञापन
Congress stages protest against donation theft and the Minerals Amendment Bill; submits memorandum to the DDC.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला कांग्रेस कमेटी, पाकुड़ की ओर से गुरुवार को पुराने सदर अस्पताल के समक्ष चंदा चोरी के आरोपों तथा खान एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सरकार ने किया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने MMDR (खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के प्रावधानों का विरोध करते हुए कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। ऐसे में राज्य के खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े अधिकारों और हितों की रक्षा जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि झारखंड के संसाधनों पर राज्य के हितों को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर कांग्रेस आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। विधेयक के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पाकुड़ के उप विकास आयुक्त (DDC) को ज्ञापन भी सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने विधेयक के विभिन्न प्रावधानों पर आपत्ति जताते हुए इसे झारखंड के हितों और खनिज संसाधनों से जुड़े राज्य के अधिकारों के लिए चिंताजनक बताया। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने संबंधित मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



