बिजनौर जनपद में शिव मंदिर की दानपेटी में अज्ञात व्यक्ति ने डाला केमिकल।
हजारों रुपए गल कर हुए खराब।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बिजनौर। मंडावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव रतनपुर रियाया में प्राचीन शिव मंदिर स्थित है। मंदिर परिसर के अंदर भक्तों द्वारा चढ़ाए जाने वाले दान के लिए एक दानपेटीका रखी हुई है। मंगलवार को जब पुजारी और समिति के लोग मंदिर पहुंचे तो दानपेटी के अंदर पानी भरा मिला। शुरू में लगा कि किसी ने गलती से जल डाल दिया होगा, लेकिन जब दानपेटी को खोलकर देखा गया तो अंदर रखे कागज के नोट पूरी तरह गल-सड़ चुके थे और बदबू आ रही थी। इससे आशंका जताई जा रही है।कि पानी में कोई केमिकल मिलाया गया था, जिससे नोट गल गए। लेकिन
मंदिर समिति के लोगों का कहना है। कि यह किसी शरारती तत्व की सोची-समझी हरकत है, जिसका उद्देश्य मंदिर की पवित्रता को भंग करना और दान के पैसे को नुकसान पहुंचाना है। समिति ने बताया कि हर महीने दानपेटी को खोलकर मंदिर के विकास कार्यों में लगाया जाता है, लेकिन इस बार सारा पैसा खराब हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है।कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण उपद्रवी का पता नहीं चल पा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और मंदिर समिति से जल्द से जल्द मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और आरोपी की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल ग्रामीण और मंदिर समिति के लोग अपने स्तर पर जांच में जुटे हैं। पुलिस को अभी इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन ग्रामीण जल्द ही थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कह रहे हैं।



