
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
आठ दस साल से एक ही सीएचसी में तैनाती, अब फार्मासिस्ट के तबादले की उठी मांग।
बिजनौर/अफजलगढ़। सीएचसी अफजलगढ़ में तैनात फार्मासिस्ट मनोज पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन सामाजिक संगठन के जिला उपाध्यक्ष आरेन्द्र शर्मा ने मुख्य चिकित्साधिकारी बिजनौर को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने फार्मासिस्ट का तबादला किए जाने की मांग की है। वहीं फार्मासिस्ट मनोज ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है। शिकायती पत्र में आरेन्द्र शर्मा ने बताया कि 25 सितंबर को वह सीएचसी अफजलगढ़ में डा. संजीव शर्मा के पास देशी दवा लेने गए थे। बाहर निकलते समय उन्हें जानकारी हुई कि एक बच्चे को सांप ने काट लिया है। वह बच्चे को देखने इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे। आरोप है कि वहां फार्मासिस्ट मनोज बच्चे का उपचार कर रहे थे। उन्होंने डाक्टर के बारे में पूछा तो फार्मासिस्ट ने कथित रूप से तेज आवाज में बात करते हुए अभद्रता की और कहा कि अस्पताल में वह ही उपचार देख रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फार्मासिस्ट ने यह भी कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। शिकायत में कुछ दिन पूर्व एक सरकारी कर्मचारी के साथ भी कथित अभद्रता किए जाने का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि फार्मासिस्ट लंबे समय से सीएचसी अफजलगढ़ में तैनात हैं और पूर्व में कई बार तबादला होने के बावजूद उन्होंने सीएचसी नहीं छोड़ी। नगरवासियों की ओर से भी डीएम और सीएमओ से फार्मासिस्ट को हटाने की मांग किए जाने की बात कही गई है। वही फार्मासिस्ट मनोज ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। उधर मुख्य चिकित्साधिकारी बिजनौर डॉ. कौशलेंद्र सिंह का कहना कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।


