बिजनौर

बारिश की बौछार और सड़कों पर जलभराव, नगर की जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल।

 लगातार बारिश से बदला मौसम, जलभराव ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बिजनौर/अफजलगढ़। शनिवार सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते नगर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आने के कारण सितंबर माह में ही मौसम कुछ सर्द नजर आने लगा। बारिश के कारण जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं नगर के कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। अफजलगढ़ थाने के पास नगर पालिका की दुकानों के आसपास बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। कई राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। दुकानदारों का कहना है कि जलभराव के कारण दुकानों के सामने भी पानी जमा हो गया, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। नगरवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान नगर में जलभराव की समस्या बार-बार सामने आती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी काफी देर तक सड़कों और आसपास के स्थानों पर जमा रहता है। लोगों ने नगर पालिका से नालियों की नियमित सफाई कराने के साथ ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आगामी दिनों में तेज बारिश होने पर समस्या और गंभीर हो सकती है। इससे राहगीरों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी। उधर नगर पालिका के ईओ एसपी सिंह ने बताया कि बारिश के कारण जहां-जहां जलभराव की समस्या सामने आई है, वहां आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नगरवासियों की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button