एमआईईटी में ‘आरंभ-2026’ से नए बायोटेक्नोलॉजी व माइक्रोबायोलॉजी छात्रों का स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में बायोटेक्नोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से सोमवार को बीएससी और एमएससी के नव प्रवेशित छात्रों के लिए ‘आरंभ-2026’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, पाठ्यक्रम, विभागीय गतिविधियों, शोध के अवसरों, करियर संभावनाओं और व्यक्तित्व विकास से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में कैंपस डायरेक्टर डॉ संजय कुमार सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ संजीव सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हनी तोमर, प्रॉक्टर डॉ. आरटीएस पुंडीर और बायोटेक्नोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश सिंह सहित विभाग के शिक्षक मौजूद रहे। डॉ. आलोक शर्मा और डॉ. नमामी शर्मा ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए उनके शैक्षणिक सफर के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश सिंह ने विद्यार्थियों को उपस्थिति, समय की पाबंदी और अकादमिक पाठ्यक्रम की जानकारी दी। डॉ. आलोक शर्मा ने बायोटेक्नोलॉजी में उद्यमिता के बढ़ते अवसरों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को नवाचार और स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. नमामी शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण के महत्व पर चर्चा की। वहीं डॉ. हनी तोमर और डॉ. आरटीएस पुंडीर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता और जिम्मेदार आचरण के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रेखा यादव और डॉ. सोनिया शर्मा ने किया। डॉ. चांदनी वर्मा और डॉ. जाह्नवी सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया। डॉ. चांदनी वर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बायोटेक्नोलॉजी विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. रॉबिन पुंडीर और डॉ. सौरभ जैन ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभाग की ओर से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण, शोध का अनुभव और व्यावसायिक विकास के अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।



