मेरठ

खबरों की दुनिया से रूबरू हुए विद्यार्थी

समझी अखबार छपने से ई-पेपर तक की पूरी प्रक्रिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। पत्रकारिता की दुनिया को करीब से समझने और समाचारों के निर्माण की प्रक्रिया जानने के लिए एमआईईटी पब्लिक स्कूल, जागृति विहार के कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने दिल्ली रोड स्थित दैनिक जागरण कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने समाचार संकलन, संपादन, पेज निर्माण, अखबार की छपाई और ई-पेपर अपलोड होने तक की पूरी प्रक्रिया को समझा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पत्रकारिता और मीडिया की कार्यप्रणाली से जुड़े कई रोचक सवाल पूछे। उन्होंने जाना कि खबरों की शुरुआत कैसे होती है, रिपोर्टर घटनास्थल से सूचनाएं कैसे जुटाते हैं और किसी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच किस प्रकार की जाती है।

विद्यार्थियों ने आपात परिस्थितियों में रिपोर्टिंग, वर्क फ्रॉम होम, घटनास्थल पर पत्रकारों की भूमिका और संवेदनशील खबरों के प्रकाशन से जुड़े सवाल भी पूछे। उन्हें बताया गया कि पत्रकारिता में तथ्यों का सत्यापन सबसे महत्वपूर्ण है। किसी भी सूचना को प्रकाशित करने से पहले उसके स्रोत और विश्वसनीयता की पुष्टि करना आवश्यक होता है।

विद्यार्थियों ने अखबार की छपाई के बाद ई-पेपर उपलब्ध होने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली। दैनिक जागरण की टीम ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पत्रकारिता में निष्पक्षता, विश्वसनीयता, जिम्मेदारी और समयबद्धता के महत्व को समझाया।

इस शैक्षणिक भ्रमण में एमआईईटी ग्रुप के मीडिया हेड अजय चौधरी, फिजिकल एजुकेशन शिक्षक रोहित कुमार और गणित शिक्षक ऋषभ शर्मा विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और अनुभवात्मक सीख का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button