दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर नगर परिषद की बोर्ड बैठक आयोजित करने की मांग
Demand for a Municipal Council board meeting regarding Durga Puja preparations.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आगामी दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा एवं काली पूजा को लेकर पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं। विभिन्न वार्डों में पूजा समितियों द्वारा पंडाल निर्माण एवं धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं। पर्व-त्योहारों को लेकर श्रद्धालुओं और पूजा समितियों में उत्साह का माहौल है। इसी बीच शहर में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद के वार्ड पार्षदों ने बोर्ड की सामान्य मासिक बैठक जल्द आयोजित करने की मांग की है। इस संबंध में नगर परिषद पाकुड़ के वार्ड पार्षदों निभा देवी, कृष्णा शर्मा, पूनम देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, चेनु बीबी, रबिया बीबी, अनिकेत गोस्वामी, रियाज अंसारी, बिमल चंद्र राउत, राजा अंसारी एवं गुड्डू कुमार भगत ने संयुक्त रूप से कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद पाकुड़ को आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से पार्षदों ने शीघ्र बोर्ड की बैठक आयोजित करने का आग्रह किया है। पार्षदों ने आवेदन में कहा है कि दुर्गा पूजा सहित आगामी प्रमुख पर्व-त्योहारों के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडाल स्थापित किए जाते हैं और पूजा समितियों द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में पूजा स्थलों, मुख्य सड़कों, गली-मोहल्लों तथा पंडालों के आसपास विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। पार्षदों ने नियमित कूड़ा उठाव, पंडालों के आसपास साफ-सफाई, नालियों की सफाई, पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही पूजा समितियों और नगर परिषद के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई। वार्ड पार्षदों का कहना है कि समय रहते बोर्ड की बैठक आयोजित होने से विभिन्न वार्डों की समस्याओं और पूजा समितियों की आवश्यकताओं पर सामूहिक रूप से चर्चा की जा सकेगी। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पूर्व से कार्ययोजना तैयार की जा सकती है, जिससे नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस संबंध में नगर परिषद पाकुड़ के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने वार्ड पार्षदों को आश्वस्त किया कि संबंधित लोगों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर आगामी माह बोर्ड की सामान्य बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर तैयारियों पर चर्चा की जाएगी और आवश्यक निर्णय लिए जायेंगे।



