महज 8 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Murder case solved in just 8 hours; police arrest the accused.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में ग्राम प्रधान की हत्या के मामले का पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में गांव के ही 23 वर्षीय युवक धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और खून लगे गमछे को भी बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले की जानकारी मीडिया को दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 21 सितंबर 2026 को अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के फर्दबयान के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 72/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, भा.पु.से. के निर्देश पर अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। जांच टीम में तकनीकी शाखा, फिंगरप्रिंट टीम और स्वान दस्ता को भी शामिल किया गया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटनास्थल के निरीक्षण और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गांव के ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की रात में उनके घर में सोने के दौरान गला काटकर हत्या की गई थी। घटना के बाद पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाएं जुटाईं और संदिग्धों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मानवीय सूचना, तकनीकी साक्ष्य और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्या के मामले में कथित रूप से संलिप्त धर्मा पहाड़िया (23) को गिरफ्तार किया। वह छोटा कुस्कुट्टा गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय देवा पहाड़िया बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी सहित अन्य सामान बरामद किया गया। समाचार लिखे जाने तक आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर लकड़ी के बेंत वाली एक टांगी, जिस पर खून जैसा पदार्थ लगा हुआ है एवं नारंगी रंग का प्रिंटेड गमछा, जिस पर खून लगा हुआ है की बरामदगी की गई है। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में शामिल किया है। वही हत्याकांड के उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चलाए गये अभियान में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी पु०नि० अनुप रोशन भँगरा के अलावा पु०अ०नि० चन्दन कुमार सिंह, पु०अ०नि० बुदीलाल मुर्मू, पु०अ०नि० पप्पु कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी पु०अ०नि० विवेक कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी पु०अ०नि० रवि कुमार शर्मा, पाकुड़िया थाना प्रभारी पु०अ०नि० मनोज कुमार महतो, लिट्टीपाड़ा थाना के पु०अ०नि० अनिल कुमार पंडित, तकनीकी शाखा के आ०-361 सूरज मुर्मू और चालक आ० प्रेम मुर्मू सहित अमड़ापाड़ा थाना का सशस्त्र बल शामिल रहा। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। हत्या के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।



