ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया आक्रोश
Congress protests against Gyanesh Kumar; expresses outrage by burning his effigy.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। कांग्रेस की पाकुड़ इकाई ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए इमली चौक से समाहरणालय तक पैदल मार्च निकाला। झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता तनवीर आलम के नेतृत्व में निकाले गये मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। मार्च के समाहरणालय पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विरोध जताते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न चुनावी मुद्दों और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए तनवीर आलम ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए गये सवालों के बीच इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग के निर्णयों में केन्द्र सरकार के प्रभाव की आशंका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस नेता के राजनीतिक दावे हैं। तनवीर आलम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के दौरान लाखों निर्दोष लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गये और कुछ अन्य लोगों को इसका लाभ मिला। उन्होंने SIR से सम्बन्धित निर्णयों, डेटा प्रबंधन और पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार समेत केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से जुड़े निर्णयों और SIR प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई। तनवीर आलम ने भाजपा पर मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जाते हैं, तब भाजपा उनके बचाव में सामने आती है। उन्होंने इसे लेकर भाजपा और चुनाव आयोग के बीच कथित सम्बन्धों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा कोरोना महामारी के दौरान उठाए गये मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित से जुड़े विषयों को उठाती रही है। उनके अनुसार, वर्तमान में चुनावी प्रक्रिया और सरकार की कार्यशैली को लेकर आम नागरिकों में असंतोष है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, SIR प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और सम्बन्धित निर्णयों की समीक्षा की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। वही कार्यक्रम समापन के पश्चात कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञानेश कुमार के कार्यशैली व निर्णयोंं के खिलाफ राष्ट्रपति के नाम डीडीसी, पाकुड़ को शिकायत ज्ञापन सौंपा। पैदलमार्च में विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, असद हुसैन, शाहीन परवेज, बेलाल शेख, अमीर हमजा उर्फ मिस्टर शेख, शहनाज बेगम, मुखिया मजिबुर रहमान, मुखिया प्रतिनिधि सेलिम हुसैन, रामविलास महतो, साजेदा बीबी, हाबीबुर रहमान, नसीम आलम, उमर फारूक, सोशल मीडिया चैयरपर्सन पियारुल इस्लाम समेत काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हुए।



