पाकुड़ में रक्तदान को लेकर पुलिसकर्मियों ने पेश की मिसाल, तीन शिविरों में 83 ने किया रक्तदान, जिलेवासियों से भी स्वैच्छिक रक्तदान की अपील
Police personnel set an example regarding blood donation in Pakur; 83 people donated blood across three camps, and an appeal was made to district residents for voluntary blood donation.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, पाकुड़ की ओर से जिले के सदर अस्पताल सहित प्रखंडवार सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए स्वैच्छिक रक्तदान किया। अभियान के तहत 18 सितंबर को 26, 24 सितंबर को 22 तथा 28 सितंबर को 35 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने रक्तदान किया। इस तरह जिले में आयोजित तीनों विशेष रक्तदान शिविरों में अब तक कुल 83 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने रक्तदान किया है। पुलिसकर्मियों के इस योगदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग मिला, बल्कि आम लोगों के बीच स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता का संदेश भी गया। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के प्रति सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना का परिचय दिया तथा लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। रक्तदान करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा ऑपरेशन के दौरान मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने के साथ-साथ उसके परिवार के लिए भी उम्मीद की किरण बन सकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पाकुड़ ने जिलेवासियों से भी विशेष रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने का आह्वान किया। पुलिस विभाग की ओर से लोगों को संदेश दिया गया कि “आपका एक कदम किसी के जीवन में नई उम्मीद ला सकता है।” साथ ही स्वस्थ एवं पात्र लोगों से रक्तदान के इस मानवीय अभियान में सहभागी बनने की अपील की गई।
“आपकी एक छोटी-सी पहल किसी की जिंदगी बचा सकती है—आइए, रक्तदान महादान में सहभागी बनें।”



