
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर l राष्ट्र सेवी संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को स्थानीय अतरासी अड्डे पर आयोजित की गई। बैठक के उपरांत संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी से विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
संगठन के राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से तीन गंभीर समस्याओं पर प्रकाश डाला।
पहली मांग – मेला स्थलों की सफाई और सुरक्षा: उन्होंने मांग की कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पूठ, पौरारा आदि गांवों में गंगा तट पर लगने वाले मेला स्थलों पर फैली गंदगी की अविलंब सफाई कराई जाए। श्रद्धालुओं के डूबने और मेले को जाते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा अथवा दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
दूसरी मांग – अतरासी अड्डा बाईपास पर जाम से निजात: हसनपुर नगर के अतरासी अड्डा बाईपास चौराहे पर लगातार लगने वाले भीषण जाम से निजात पाने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि मेला स्थलों को जाने वाले श्रद्धालुओं एवं चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करने वाले वाहनों के चलते जाम और ज्यादा लगने की संभावना है। अतः जाम की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
तीसरी मांग प्रमुख समस्या हसनपुर से बेगपुर मुंडा जाने वाले मार्ग की बदहाली को लेकर थी, जो पिछले पांच वर्षों से अत्यंत जर्जर स्थिति में है। इसके अलावा, मुबारकपुर कलां में स्कूल के गेट के पास नाला बंद होने के कारण हो रहे भारी जलभराव से छात्र-छात्राओं और राहगीरों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने तत्काल नाले खुलवाकर गंदे पानी की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।
इस मौके पर भारतीय किसान संघ के प्रांत गन्ना प्रमुख महिपाल सिंह चौहान, राष्ट्र सेवी संगठन के नगर अध्यक्ष राजू चौहान, त्रिलोकी जाटव, सुरेंद्र सिंह, मोनू चौहान, साबिर अली, बांके लाल, महेंद्र सिंह राणा, प्रवचन, समरपाल सिंह और वसीम खान आदि लोग मौजूद रहे।




