मेरठ
विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए 130 मॉडल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। किनानगर स्थित सर्व हितकारी इंटर कॉलेज में सोमवार को विद्यार्थियों ने भव्य विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की। प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विवेक शुक्ला ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विज्ञान से संबंधित करीब 130 मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए डीएनए मॉडल, जैविक खेती, फसलों को पशुओं से बचाने के लिए सेंसर आधारित अलार्म, एटीएम मशीन और अम्ल वर्षा से संबंधित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से विज्ञान के दैनिक जीवन में उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक की उपयोगिता को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी कौशल की अतिथियों और शिक्षकों ने सराहना की।
प्रधानाचार्य डॉ. विवेक शुक्ला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनियों जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और आत्मविश्वास का विकास होता है। ऐसी गतिविधियां बच्चों को पाठ्यक्रम से इतर व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का अवसर प्रदान करती हैं।
प्रदर्शनी को सफल बनाने में शिक्षक सुरेश कुमार, अनूप कुमार, कपिल भारती, मनोज कुमार समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।




