सिंगरौली

संविधान दिवस पर जिले के सभी विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों में होंगे कार्यक्रम

26 नवंबर को प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, भाषण-निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा विभागीय कार्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने सभी संस्था प्रमुखों और कार्यालय प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के 23 नवंबर 2026 को जारी पत्र के परिपालन में ये निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि संविधान दिवस संवैधानिक आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
निर्देशों के अनुसार 26 नवंबर को विद्यालयों की प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राएं और शिक्षक तथा विभागीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करेंगे। विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश और सिंगरौली जिले से संबंधित संविधान सभा के सदस्यों के योगदान एवं जीवन परिचय की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
विद्यालयों में पेंटिंग, पोस्टर, बुकमार्क, बैज और कोलाज निर्माण जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसके अलावा संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। एनसीईआरटी द्वारा तैयार विशेष लेख भी विद्यार्थियों को वितरित किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने सभी संस्था एवं कार्यालय प्रमुखों को आयोजित गतिविधियों के जियो-टैग फोटो और वीडियो संकलित कर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्धारित समय-सीमा में राज्य स्तर के पोर्टल और ई-मेल पर जिले की जानकारी अपलोड की जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button