सिंगरौली

दीपावली पर अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सीआईएसएफ ने चलाया जागरूकता अभियान

एनटीपीसी शक्तिनगर के विद्यालय में 445 विद्यार्थियों और 10 शिक्षकों ने लिया हिस्सा, अग्निशमन उपकरणों का प्रदर्शन कर दी गई सुरक्षा की जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 

सिंगरौली। दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ यूनिट एनटीपीसी शक्तिनगर के फायर विंग ने 13 अक्टूबर 2026 को बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 445 छात्र-छात्राओं और 10 शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन सीआईएसएफ कमांडेंट विवेक आर्या के दिशा-निर्देशन में सहायक कमांडेंट एवं अग्नि अधिकारी तरुण दत्ता, कंपनी कमांडर अजीत आनंद तथा उनकी टीम द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को आग लगने के प्रमुख कारणों, आग बुझाने में उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरणों और विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई।

अग्निशमन उपकरणों का प्रदर्शन कर दिया प्रशिक्षण

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को फायर एक्सटिंग्विशर के विभिन्न प्रकारों और उनके सही उपयोग की प्रायोगिक जानकारी दी गई। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में सुरक्षित स्थान तक पहुंचने, आपातकालीन निकास के तरीकों और सतर्कता बरतने के उपायों के बारे में भी बताया गया।

दीपावली के मद्देनजर पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने, ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने के महत्व पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर अग्नि दुर्घटना का कारण बन सकती है।

विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप ने सीआईएसएफ फायर विंग की ओर से आयोजित इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से बच्चों में अग्नि सुरक्षा के प्रति समझ विकसित होती है और वे आपात परिस्थितियों में सावधानी बरतने के लिए तैयार होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सीआईएसएफ टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य दीपावली के दौरान सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करना और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button