शामली
सालो से कच्ची पड़ी 200 मीटर सड़क, कीचड़ से ग्रामीण परेशान
जल निकासी नहीं होने से सड़क पर भरता है घरों का पानी, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से लगाई निर्माण की गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झींझाना । शामली जिले के बिडौली सादात गांव में बदहाल सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। इससे कच्चे रास्ते पर कीचड़ भर जाता है और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब पांच साल होने को हैं, लेकिन 200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण आज तक नहीं हो पाया है।
मंगलवार को ग्रामीण सलीम पुत्र चंदा, नदीम उर्फ भूरा, मुरसलीन, गुरदयाल, सुहेल सिद्दीकी, फैजान और हाफिज इनाम सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्या बताई। ग्रामीणों के अनुसार, वे कई बार ग्राम प्रधान को सड़क की समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। बारिश होने या घरों का पानी जमा होने से रास्ते पर कीचड़ फैल जाता है।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि यहां से ट्रैक्टर निकालने पर वह कीचड़ में धंसकर खड़ा हो जाता है। दोपहिया वाहन चलाना भी मुश्किल है। कई ग्रामीणों को अपनी मोटरसाइकिल पड़ोसियों के घर खड़ी करनी पड़ती है, इसके बाद वे पैदल अपने घर पहुंचते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि दो-तीन बार वे खुद पैसे इकट्ठा कर गली में मिट्टी डलवा चुके हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण ईंट या पक्का निर्माण कराने में सक्षम नहीं हैं। ग्रामीण मजदूरी और सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से समस्या का संज्ञान लेकर सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
