साहेबगंज
साहिबगंज में आठ सूत्री मांगों को लेकर डॉक्टरों ने काला बिल्ला लगाकर किया काम
22 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में अपनी लंबित आठ सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को सदर अस्पताल साहिबगंज के चिकित्सकों ने काला बिल्ला लगाकर कार्य किया और सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया। चिकित्सकों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल वे नियमित सेवाएं जारी रखेंगे,लेकिन 21 अक्टूबर तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 22 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य का बहिष्कार किया जाएगा।चिकित्सकों का यह आंदोलन बेहतर चिकित्सा व्यवस्था,डॉक्टरों की सुरक्षा, सरकारी चिकित्सकों की कैरियर प्रगति,अस्पतालों के लंबित भुगतान और स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़े नियमों में सुधार समेत आठ मांगों को लेकर चल रहा है।प्रमुख मांगों में झारखंड मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन,स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सरकारी चिकित्सकों के लिए समयबद्ध डायनेमिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन DACP लागू करना,रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शामिल है।इसके साथ ही क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के प्रावधानों में राहत देने की भी मांग की गई है।वही मौके पर डॉ.मोहन मुर्मू,डॉ. फरोग हसन,डॉ.तबरेज आलम,डॉ.स्नेहा यादव,डॉ.आरसी खानम,डॉ.शाहबाज आलम और डॉ.शाहिद आलम सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।



