
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में अवैध लकड़ी के परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने मंडरो रेंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है।वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के अनुसार दिहारी से मिर्जाचौकी स्थित आरा मिल की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर को हाजीपुर मोड़ के आगे रोककर जांच की गई।जांच के दौरान ट्रैक्टर पर अवैध रूप से काटी गई जलेबी लकड़ी के बोटा लदे हुए पाए गए।लकड़ी के संबंध में चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके बाद वन विभाग की टीम ने लकड़ी सहित स्वराज 735 FE ट्रैक्टर को जब्त कर वन प्रमंडल कार्यालय साहिबगंज लाया।जब्त लकड़ी एवं वाहन के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई का नेतृत्व मंडरो मिर्जाचौकी क्षेत्र के उप वन परिसर पदाधिकारी अंकित कुमार झा ने किया।विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी के परिवहन में संलिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश गया है कि वन संपदा की अवैध कटाई एवं तस्करी के विरुद्ध विभाग की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



