साहेबगंज
छठ महापर्व को लेकर एसडीओ ने किया गंगा घाटों का निरीक्षण,सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में दुर्गा पूजा और काली पूजा के विसर्जन के बाद आगामी छठ महापर्व को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी एसडीओ ने बुधवार को शहर के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया।एसडीओ ने गंगापुर घाट से लेकर बिजली घाट,पुरानी साहिबगंज घाट,नमामि गंगे घाट, शकुंतला सहाय घाट और रेलवे जहाज घाट सीढ़ी घाट तक का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान घाटों पर पानी की स्थिति,घटते जलस्तर,दलदली जमीन और डूबाव वाले स्थानों का बारीकी से अवलोकन किया गया।एसडीओ ने कहा कि विसर्जन के बाद छठ महापर्व नजदीक है,ऐसे में श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और अर्घ्य के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन अभी से घाटों की स्थिति का आकलन कर रहा है।जहां गंगा का जलस्तर तेजी से घटने से कई जगह दलदली जमीन और असुरक्षित गहराई की आशंका है।निरीक्षण के दौरान शकुंतला सहाय घाट स्थित रेलवे जहाज घाट सीढ़ी घाट पर बाढ़ के साथ आई मिट्टी जमने से कई पक्की सीढ़ियां ढक गई हैं,जबकि नीचे की 3 से 4 सीढ़ियां ही साफ दिखाई दे रही हैं।प्रशासन का कहना है कि छठ से पहले घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा,ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक घाट उपलब्ध कराया जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।



