साहेबगंज
दुर्गा पूजा एवं दशहरा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
15 किलोग्राम दूषित मिठाइयां नष्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर आमजनों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु उपायुक्त के निर्देशानुसार मंडरो प्रखंड के विभिन्न होटलों एवं मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार वर्मा एवं नौरंगदेव कुमार के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा आवश्यक एफएसएसएआई लाइसेंस एवं पंजीकरण की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में औद्योगिक रंगों के उपयोग से तैयार लगभग 15 किलोग्राम दूषित मिठाइयां,जिनमें जलेबी, लड्डू एवं चमचम शामिल थे, मौके पर ही नष्ट कराई गईं।खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम,2006 के प्रावधानों का पालन करने तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री में स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया।पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट-खोरी,प्रतिबंधित रंगों के प्रयोग तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



