कैराना में अधूरे डिवाइडर से टकराई कार, चालक घायल
पब्लिक इंटर कॉलेज के पास निर्माण अधूरा होने से हादसे का खतरा, सुरक्षा इंतजामों की जरूरत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना, शामली। नगर के मुख्य मार्ग पर पब्लिक इंटर कॉलेज के पास अधूरे डिवाइडर से टकराकर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक घायल हो गया। बारिश के कारण सड़क पर दृश्यता कम होने से दुर्घटना होने की बात सामने आई है।
नगर पालिका की ओर से मुख्य मार्ग पर डिवाइडर का निर्माण कराया जा रहा है। पब्लिक इंटर कॉलेज के पास डिवाइडर का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जबकि शामली बाईपास की ओर से नगर की तरफ डिवाइडर बनाने का कार्य शुरू कराया गया है।
गुरुवार शाम बारिश के चलते सड़क पर दृश्यता कम हो गई थी। इसी दौरान शामली की ओर से आ रही कार अधूरे डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चालक घायल हो गया। घायल की पहचान कांधला निवासी गय्यूर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अपने साथ ले गए।
स्थानीय स्तर पर डिवाइडर का निर्माण अधूरा होने और उसमें सरिये बाहर निकले होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ऐसे में निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के साथ मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की जरूरत है, ताकि वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
