गोड्डा
बेथेल मिशन एवं स्पार्टन एकेडमी महागामा जीतकर अगले राउंड में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित रितेश मेमोरियल अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट में गाँधी मैदान में खेले जा रहे मुकाबले में बेथेल मिशन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द पर्सिस्टेंस क्लासेस को बेहद रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से पराजित किया। इस जीत के साथ बेथेल मिशन स्कूल लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहते हुए नॉक आउट राउंड में स्थान पक्का किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए द पर्सिस्टेंस क्लासेस की टीम ने 20 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 92 रन बनाए। अरमान सिंह ने सर्वाधिक 28 रन की पारी खेली।बेथेल मिशन अर्जुन कुमार ने सिर्फ 8 रन देकर 3 बल्लेबाजों को आउट किया। जवाब में बेथेल मिशन की टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 16.2 ओवर में 9 विकेट खोकर 93 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली। तनिश ने 22 रन बनाया तथा द पर्सिस्टेंस के सिद्धार्थ शेखर ने शानदार गेंदबाजी कर 4 विकेट प्राप्त किया। इस मुकाबले में बेथेल मिशन के अर्जुन कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने गेंदबाजी में 3 ओवर में 8 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार क्रिकेट संघ के सदस्य अभिषेक यादव के द्वारा दिया गया। आज खेले गये दूसरे मैच में स्पार्टन एकेडमी महागामा ने एकतरफा मुकाबले में डी ए भी पब्लिक स्कूल को 10 विकेट से पराजित कर दिया।पहले खेलते हुए डी ए भी पब्लिक स्कूल की टीम सिर्फ 77 रन पर आउट हो गई।स्पार्टन एकेडमी के फैजल अली ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 15 रन पर 6 विकेट प्राप्त किया। जवाब में स्पार्टन एकेडमी की टीम सिर्फ 6 ओवर 4 गेंद में बिना किसी नुकसान के 81 रन बनाकर मैच जीत लिया। हरिओम ने नाबाद 31 एवं फैजल अली ने नाबाद 39 रन बनाया। स्पार्टन एकेडमी की यह लगातार तीसरी जीत है। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार फैज़ल अली को संघ के सदस्य इनामुल हक के द्वारा प्रदान किया गया। अंपायर की भूमिका में दिव्यप्रकाश, विजय, प्रभु, सूरज तथा स्कोरर की भूमिका में राजन झा थे। इस अवसर पर शक्ति कुमार, सनोज कुमार, मुकेश मंडल, अभिषेक सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


