भ्रामक सूचनाओं के दौर में तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्ष पत्रकारिता बनाए रखना जरूरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, उत्तरकाशी में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ पर आयोजित गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की विश्वसनीयता और पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारी पर चर्चा की गई। जनपद मुख्यालय से बाहर के पत्रकार भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोष्ठी में जुड़े और अपने विचार साझा किए।
गोष्ठी में इस वर्ष की थीम पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के तौर-तरीकों में बदलाव आया है, लेकिन सत्य, निष्पक्षता और जनहित आज भी पत्रकारिता के मूल सिद्धांत हैं। उन्होंने पीत पत्रकारिता और सनसनीखेज खबरों के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों का दायित्व है कि किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले जिम्मेदारी से तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करें।
इस अवसर पर जनपद मुख्यालय के पत्रकारों में वरिष्ट पत्रकार विवेक सिंह सजवाण, सुभाष बडोनी , अजय कुमार , महावीर राणा ,सुरेद्र पाल परमार ,लोकेद्र सिहं विष्ट आदि उपस्थित रहे । कार्यक्रम का आयोजन जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा के द्वारा किया गया तथा मुख्यालय से बाहर के पत्रकार वीसी के माध्यम से शामिल रहे।


