ललितपुर
नपा अध्यक्ष उप निर्वाचन की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बैठक
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ऑफीसरों को बाटें दायित्व

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद उप निर्वाचन में विभिन्न व्यवस्थाओं को समयानुसार पूर्ण करने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अमनदीप डुली ने सम्बधित प्रभारी अधिकारी, सहायक प्रभारी अधिकारी, रिटर्निंग ऑफीसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफीसरों के साथ कलैक्ट्रेट सभागार में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने सभी प्रभारियों को निर्देश दिये कि उप निर्वाचन हेतु बनाये गए मतदान केन्द्रों पर विद्युत, पेयजल, छायादार स्थान, प्रकाश, खिडकी दरवाजे आदि सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जायें, इसके लिए 5-5 लेखपालों को लगाकर सत्यापन कराया जाए और निर्धारित प्रारुप पर सत्यापन रिपोर्ट ली जाये। जिन केन्द्रों पर विद्युत संयोजन नहीं हैं, वहा विद्युत विभाग द्वारा तत्काल संयोजन की व्यवस्था करायी जाए। इसके अलावा सभी आरओ/एआरओ पूरी गंभीरता के साथ आरओ बुक का अध्ययन कर लें, ताकि बाद में कोई समस्या न हो। बैठक में बताया गया कि अध्यक्ष नगर पालिका परिषद उप निर्वाचन हेतु अधिसूचना जारी हो चुकी है, जिसके अंतर्गत 19 से 29 सितम्बर तक नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति, 30 सितम्बर को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा, 03 अक्टूबर को अभ्यर्थन वापसी, 06 अक्टूबर को प्रतीक आवंटन, 15 अक्टूबर को मतदान एवं 17 अक्टूबर को मतगणना निर्धारित है। मतदान के लिए जिले के 26 वार्डों में 49 मतदान केन्द्र व 613 मतदान स्थल बनाये गए हैं, जिन्हें 02 जोन व 10 सेक्टरों में बांटा गया है। उप निर्वाचन में जिले के 130908 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें, जिनमें 68177 पुरुष व 62731 महिला मतदाता शामिल हैं। साथ ही मतदान टोलियों की रवानगी हेतु 28 बसें लगायी गई हैं। पूरे निर्वाचन प्रक्रिया के लिए डीपीओ नीरज सिंह को रिटर्निंग ऑफीसर व उद्यान अधिकारी राजेन्द्र साहू को सहायक रिटर्निंग आफीसर बनाया गया है। साथ ही निर्वाचन सम्बंधी विभिन्न गतिविधियों के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को प्रभारी अधिकारियों/सह प्रभारी अधिकारी बनाया गया है, जो पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर दायित्वों की पूर्ति करेंगे। बैठक में एसपी मो.मुश्ताक, एडीएम नमामि गंगे, सीडीओ, एसडीएम सदर, सीओ सिटी, डीडीओ, डीसी रोजगार, डीएसओ, डीपीओ, उद्यान अधिकारी, डीपीआरओ, बीएसए, ईओ नगर पालिका, आबकारी अधिकारी समेत अन्य प्रभारी अधिकारी व सहायक प्रभारी मौजूद रहे।



