
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट ने मंगलवार को सार्वजनिक पार्क नई अनाज मंडी खैरथल में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में चल रही गतिविधियों और स्टोलवार किए गए कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने शिविर का निरीक्षण करते हुए संधारित रजिस्टरों की गहन जांच की और उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नगर निकायों एवं विभागों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, जिसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्मिक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर एडीएम ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि जिले में आयोजित किसी भी शिविर में विभागीय कार्मिक अनुपस्थित पाए जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मौके पर ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्मिकों को बुलाकर उपस्थित वृद्धजनों की पेंशन से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण करवाया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक आमजन को बिना किसी देरी के सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से संवाद करते समय संवेदनशीलता बनाए रखी जाए और योजनाओं की जानकारी यथासंभव स्थानीय भाषा में उपलब्ध कराई जाए। साथ शिविर के बारे में ग्रामजन को विभिन्न माध्यमों से प्रचार प्रसार कर जागरूक किया करें।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी शिकायतों जैसे सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सुविधाओं की मरम्मत आदि का नियमानुसार तत्काल समाधान किया जाए ताकि ग्रामजन को वास्तविक लाभ मिल सके। इस दौरान संबधित अधिकारी व कार्मिक तथा ग्रामजन उपस्थित रहे।


