गाजियाबाद
लोनी (गाज़ियाबाद) से विशेष रिपोर्ट
पाभी सादकपुर से पुस्ता चौकी तक पानी भराव से बना जाम, प्रतिदिन हजारों यात्री परेशान — अधिकारी बने मूकदर्शक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। गाज़ियाबाद के लोनी क्षेत्र में स्थित पाभी सादकपुर से पुस्ता चौकी तक का राष्ट्रीय राजमार्ग इन दिनों बदहाल हालात में है। बारिश और नालों की सफाई न होने के कारण यहां भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इस जलभराव के चलते सड़क पर लंबा जाम लग जाता है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं।
नीरज अग्रवाल, प्रमोद गोस्वामी और यात्रियों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। पिछले कई महीनों से इस मार्ग पर जलभराव की लगातार समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। नाले गंदगी से भरे पड़े हैं, जिनकी सफाई न होने के कारण पानी का निकास पूरी तरह बंद हो गया है।
पानी सड़कों पर घूम रहा है, वाहन चालक परेशान हैं
जलभराव के कारण सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चे, महिलाएँ, बुजुर्ग और दफ्तर जाने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई बार फिसलकर लोग घायल भी हो चुके हैं।
वन वे सड़क पर जाम से बिगड़ रही व्यवस्था
सादकपुर से पुस्ता चौकी तक के इस मार्ग पर जलभराव होने की वजह से सड़क के केवल एक हिस्से से ही वाहनों की आवाजाही संभव है, जिससे वन वे सड़क पर लगातार जाम लगता रहता है। सुबह और शाम के समय जाम कई किलोमीटर तक फैल जाता है।
जनता का सवाल — आखिर कब मिलेगा छुटकारा?
लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं की जा रही। क्षेत्र के कई सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से अपील की है कि नालों की सफाई कराई जाए और जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान निकाला जाए।
स्थानीय निवासी तेजपाल ने बताया, “हर साल यही हाल होता है। थोड़ी सी बारिश में सड़क तालाब बन जाती है। अधिकारी आते हैं, फोटो खिंचवाकर चले जाते हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी रहती है।”
जनता की नाराज़गी चरम पर
लगातार जाम और जलभराव के कारण यहां से आवागमन करने वाले लोगों में भारी रोष है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नालों की सफाई और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब सवाल यह है कि आखिर लोनी की जनता को इस जलभराव और जाम की समस्या से कब राहत मिलेगी


