गोड्डा
तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत डीसी अंजली यादव के द्वारा समाहरणालय परिसर से ‘तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 की शुरुआत करते हुए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यह अभियान पूर्व में चलाए गए तंबाकू मुक्त युवा अभियानों का तीसरा चरण है, जो नई रणनीति और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जा रहा है। इस 60 दिवसीय अभियान का उद्देश्य तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरुकता बढ़ाना, युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना और जिले को तम्बाकू मुक्त बनाना है। उक्त अभियान में सभी विभागों की संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित करने के अलावा गैर सरकारी संगठनों और स्वयंसेवी समूहों को भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ गांवों को भी तंबाकू मुक्त घोषित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसमें जनसामान्य में तम्बाकू मुक्त जीवनशैली के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर बल मिलेगा। आगे उपायुक्त ने सभी से अपील करते हुए कहा कि हमलोगों को अपने जिले को पूर्ण रूप से तम्बाकू मुक्त जिला बनाने की दिशा में एकजुट होकर कार्य करना पड़ेगा ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियों को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। दौरान सिविल सर्जन डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा, जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. कुमार प्रीतम दत्ता, स्वास्थ्य विभाग की टीम, डीपीएम रवि रंजन सहित संबंधित अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।



