गाजियाबाद
लोनी में ईडी की बड़ी कार्यवाही
भाजपा नेता अलीमुद्दीन अंसारी और ठग लविश चौधरी के सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की बड़ी कार्यवाही से इलाके में हड़कंप मच गया। हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ से आई ईडी की कई टीमों ने एक साथ लोनी की कालोनियों में कई ठिकानों पर छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने सुबह करीब साढ़े चार बजे लोनी के इकराम नगर क्षेत्र में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता अलीमुद्दीन अंसारी और उनके सहयोगी नफीस के घरों पर छापेमारी की। यह कार्यवाही हवाला के ज़रिए लेन-देन और आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच के तहत की गई। टीम ने दोनों घरों को घेरकर दस्तावेज़ों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की।
इसी सिलसिले में ईडी ने कुख्यात फ्रॉड लविश चौधरी के सहयोगियों, गुर्गों और चालकों के ठिकानों पर भी छापेमारी अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि लविश चौधरी इस समय दुबई या सऊदी अरब में से कहीं छिपा हुआ है। उस पर आरोप है कि उसने उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के लोगों से टूर एंड ट्रैवल और इन्वेस्टमेंट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की थी।
गाजियाबाद के कई व्यापारियों और निवेशकों ने रुपए दोगुने करने और विदेशी टूर पैकेज में निवेश के लालच में लविश चौधरी के जाल में फंसकर अपनी कई करोड़ की रकम गंवाई थी।
ईडी की टीम ने लविश चौधरी के करीबियों के यहां गाजियाबाद और मुज़फ्फरनगर में एक साथ दबिश दी है। कई ठिकानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि जब्त किए गए हैं।
ईडी सूत्रों के अनुसार, यह कार्यवाही हवाला नेटवर्क और अंतरराज्यीय आर्थिक अपराधों की जांच से जुड़ी है। जांच जारी है और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



