नोएडा
भारतीय किसान यूनियन अनाज की गौतमबुद्ध नगर इकाई की अहम बैठक संपन्न
संगठन विस्तार और किसान मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
नोएडा : भारतीय किसान यूनियन (अनाज) की जिला गौतमबुद्ध नगर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक बृहस्पतिवार अपराह्न चार बजे नोएडा के बरौला स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा ने की। इस दौरान संगठन के विस्तार, किसानों की समस्याओं और उन पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव शर्मा यादव ने सुझाव दिया कि प्रदेश के शेष जिलों में शीघ्र यूनियन की इकाइयों का गठन किया जाए, ताकि किसानों की समस्याओं को और मजबूती से सरकार के सामने रखा जा सके।
जिला अध्यक्ष राजेश उपाध्याय ने कहा कि संगठन लंबे समय से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत है, लेकिन कुछ मामलों में प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण सरकार की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भी सरकार को अवगत कराना आवश्यक है।
प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मवीर यादव ने हाल ही में बाढ़ प्रभावित जिलों के किसानों की सहायता सूची अब तक सरकार तक न पहुंचने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे कई प्रभावित किसानों को सहायता राशि नहीं मिल सकी है।
राष्ट्रीय महासचिव रमेश चंद दीवान ने सुझाव दिया कि जल्द ही संगठन की एक बड़ी बैठक बुलाई जाए, जिसमें रबी फसलों की बुवाई और गन्ना मिलों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए एक अलग कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
इस मौके पर युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बिन्नू आधान, मेरठ मंडल अध्यक्ष सतेन्द्र गुर्जर, युवा जिला अध्यक्ष कुलदीप नागर, संगठन मंत्री राजेश नागर, प्रधान कर्म सिंह आधान, प्रदेश सचिव अरुण यादव, सतीश यादव, ललित चौधरी, बिजेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष अजीत सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।




