गोड्डा
स्कूलों की बदहाल स्थिति एवं शिक्षकों की लापरवाही से बिगड़ रहा बच्चों का भविष्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय। प्रखंड क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। शिक्षकों की लापरवाही के चलते बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। कई स्कूलों में शिक्षक समय पर नहीं पहुंच रहे हैं, जबकि कई बार तो वे पूरी तरह अनुपस्थित पाए जाते हैं। बसंतराय प्रखंड में शिक्षा पदाधिकारी रहते हुए भी गंभीर स्थिति सामने आ रही है स्थानीय समाज सेवी एवं ग्रामीणों के अलावा भाजपा नेता बॉबी आलम, नसीम भैसानी, पंचायत समिति सदस्य इंतजार आजाद, अरविंद पासवान आदि ग्रामीणों विरोध जताया है। बताया कि बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के बहुत सारे स्कूल हैं, जो कि शिक्षक हाजिरी बना के बसंतराय क्षेत्र का भ्रमण करते हैं कई ऐसे शिक्षक हैं, जो अपने वाइफ को स्कूल पहुंचाने और लाने में समय बिताते हैं और कई शिक्षक शिक्षिका ऐसे भी हैं की घर से स्कूल पास होने के कारण स्कूल में हाजिरी बनाकर घर भी चले जाते हैं और स्कूल रसोइया और संयोजक के के भरोसे चलते हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। और कई स्कूलों एवं मदरसा में तो मीनू के अनुसार भोजन के बदले में सब्जी चावल पर मध्यान भोजन चलता है। स्कूल एवं मदरसा के बच्चे ने बताया कि स्कूल में दाल कब खाए हैं, वह याद नहीं है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की मांग की है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बच्चों का भविष्य दांव पर लग सकता है। शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार के लिए जिला प्रशासन को ठोस रणनीति बनानी होगी। साथ ही, दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई करना और अभिभावकों के सुझावों पर ध्यान देना भी जरूरी है।



