नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पुलिस ने मुचलका पाबंद कर की कार्यवाही ….
हापुड़ (यूपी) – थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला प्रहलादनगर में मामूली विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। बच्चों की मामूली लड़ाई में दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले । महिलाओं ओर पुरुषों के बीच जमकर मारपीट हुई है । झगड़े के दौरान बच्चों सहित महिलाओं में काफी देर तक चीख पुकार मचती रही । इस खूनी संघर्ष में बच्चों सहित कई लोग घायल हुए है । मौके पर पहुंची थाना देहात पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों पक्षों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की है । इस खूनी संघर्ष का सीसीटीवी भी सामने आया है , जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार , हापुड देहात थाना क्षेत्र में मोहल्ला प्रहलाद नगर निवासी दो पक्षों में बच्चों में मामूली झगड़े को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर से लोग एक-दूसरे पर लाठी डंडों से हमला करने लगे। अचानक हुई इस हिंसा से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए । घटना का पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग खुलेआम एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद हापुड देहात थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया ।
कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर पटनीश यादव ने बताया कि वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


