ट्रैक्टर की चपेट में युवक की मौत, 36 घंटे बाद उठा शव
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, विधायक जयराम महतो की पहल पर 4.15 लाख रुपये पर बनी सहमति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत पेंक-नारायणपुर थाना क्षेत्र के धवईया गांव में मंगलवार की रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार 21 वर्षीय श्यामलाल कुमार हेम्ब्रम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उचित मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। करीब 36 घंटे तक शव घटनास्थल पर पड़ा रहा। गुरुवार को मुआवजे को लेकर सहमति बनने के बाद शव उठाया जा सका। ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर कथित रूप से कोयला लेने जा रहा था। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में कोयले के अंश मिलने का दावा भी किया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम किया था। बुधवार को पेंक-नारायणपुर, नावाडीह और बोकारो थर्मल थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन मुआवजे को लेकर सहमति नहीं बनने पर ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। ग्रामीणों ने पेंक-नारायणपुर और नावाडीह थाना प्रभारियों को हटाने की मांग भी उठाई।
रात दो बजे घटनास्थल पहुंचे विधायक
इसी बीच झारखंड विधानसभा की समिति की बैठक में शामिल होने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। बताया गया कि रात करीब दो बजे से अधिकारियों और संबंधित पक्षों के साथ उनकी वार्ता शुरू हुई, जो करीब तीन बजे तक चली। विधायक की पहल के बाद मृतक के परिजनों को कुल 4 लाख 15 हजार रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। बताया गया कि पेंक-नारायणपुर थाना प्रभारी नीतिश कुमार ने 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी, जबकि विधायक जयराम महतो ने अपने निजी वेतन से 25 हजार रुपये पीड़ित परिवार को दिए। अन्य पक्षों से मिली राशि को मिलाकर परिवार को कुल 4.15 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके अलावा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को नियमानुसार मिलने वाले सरकारी मुआवजे की प्रक्रिया भी की जाएगी।
36 घंटे बाद उठा शव, जाम समाप्त
मुआवजे पर सहमति बनने के बाद करीब 36 घंटे से सड़क पर पड़े शव को उठाया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हुआ। घटना के दौरान बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू यादव, नावाडीह थाना प्रभारी अमित सोनी, पेंक-नारायणपुर थाना प्रभारी नीतिश कुमार, बीडीओ प्रशांत कुमार हेम्ब्रम और सीओ अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। मौके पर जिप सदस्य खुशबू महतो, झामुमो नेता अखिलेश महतो, पूर्व विधायक प्रतिनिधि टेकलाल चौधरी, जेएलकेएम जिला सचिव सह विधायक प्रतिनिधि खगेंद्र कुमार महतो, प्रखंड अध्यक्ष देवनारायण महतो, सीपीआई डुमरी विधानसभा प्रभारी नुनूचंद महतो, आजसू नेता दीपू अग्रवाल, पूर्व जीप सदस्य टिकैत महतो, झामुमो नेता सोनाराम हेम्ब्रम, मुखिया सुखमति देवी, दिनेश मरांडी, राजकुमार मरांडी, पंसस नवीन सोरेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।ग्रामीणों ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच करने तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




