गाजियाबाद
एक दिन की बारिश ने खोली लोनी की सड़कों की पोल
जलभराव और अवैध कब्जे से दिल्ली–सहारनपुर राजमार्ग पर भीषण जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दिल्ली–सहारनपुर राजमार्ग पर पाभी सादकपुर पुस्ते से लेकर ट्रोनिका सिटी थाने तक सड़क की बदहाल स्थिति ने एक बार फिर प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। सड़क के एक तरफ जलभराव और दूसरी तरफ वाहनों द्वारा किए गए अवैध कब्जे के कारण यातायात पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया है। एक दिन की बारिश के बाद लोनी क्षेत्र में जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़क के चलते शिव बिहार मेट्रो स्टेशन और लोनी डिपो के सामने वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह और शाम के व्यस्त समय में लोग घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे नौकरीपेशा लोगों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं को भी भारी दिक्कत हुई।
इसके अलावा लोनी बॉर्डर थाने के सामने मेट्रो स्टेशन के पास बने कट पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। यहां वाहन चालक जल्दी निकलने की होड़ में अपने वाहन आड़े-तिरछे लगा देते हैं, जिससे बार-बार जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती तो रहती है, लेकिन जाम के समय खासकर सुबह के घंटों में पुलिसकर्मी नदारद दिखाई देते हैं।
लोगों का यह भी कहना है कि ट्रैफिक पुलिस बिना हेलमेट वाहन चालकों को रोकने में तो तत्पर नजर आती है, लेकिन जाम की समस्या से निपटने और यातायात को सुचारू कराने में लापरवाही बरती जा रही है। रोज-रोज लगने वाले जाम से लोग मानसिक तनाव, समय की बर्बादी और ईंधन के अतिरिक्त खर्च से परेशान हैं।
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लोगों ने सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की उचित व्यवस्था और अवैध कब्जों को हटाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से राहत मिल सके।



