नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी नगर की धरती रविवार को उस समय गौरवान्वित हो उठी जब अंकुर बिहार स्थित संस्कृत वाटिका, जिंदल रोड, एस.एल.एफ. वेद विहार में वयोवृद्ध सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। भारत भारती उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीआर क्षेत्र से आए 280 पुरुष एवं 60 महिला वरिष्ठ नागरिकों को शाल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के उदघोष एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। समारोह का वातावरण सम्मान, संस्कार और भावनाओं से ओतप्रोत रहा। सम्मान पाकर बुज़ुर्गों के चेहरों पर संतोष और गर्व स्पष्ट दिखाई दिया। कई वरिष्ठ नागरिकों ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया।
मुख्य अतिथि भारत भारती के राष्ट्रीय संघटक विवेक धारकर ने कहा कि युवाओं के हाथ में भविष्य है, लेकिन उन्हें दिशा बुज़ुर्ग ही देते हैं। जिस समाज ने अपने बुज़ुर्गों को भुला दिया, उसका पतन निश्चित है।
डॉ. प्रमेन्द्र जांगड़ा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि बुज़ुर्ग समाज की जीवित पाठशाला होते हैं। उनके अनुभव नई पीढ़ी को सही मार्ग दिखाते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
राष्ट्रवादी सवर्ण महासंघ के पं. सतीश शर्मा ने कहा कि बुज़ुर्गों का सम्मान भारतीय संस्कृति की आत्मा है। लोनी में आयोजित यह समारोह सामाजिक समरसता और संस्कारों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
भाकियू अनाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज का समाज बुज़ुर्गों के त्याग और तपस्या की देन है। यदि हम उनका सम्मान करेंगे, तभी अपनी संस्कृति और पहचान को सुरक्षित रख पाएंगे।
समारोह में अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का आयोजन भारत भारती गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष रामनिवास त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया। नगरवासियों ने इसे लोनी के इतिहास में एक स्मरणीय आयोजन बताया


