न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन परिसर में सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती मनाई गई
The birth anniversary of Suryakant Tripathi 'Nirala' was celebrated at New Farakka Railway Station premises.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पूर्वी रेलवे के मालदा मंडल द्वारा न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन परिसर में हिंदी साहित्य के प्रख्यात साहित्यकार सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक अभियंता, न्यू फरक्का एवं अध्यक्ष, लोको राजभाषा कार्यान्वयन समिति, न्यू फरक्का, विपुल राय शर्मा ने की। इस अवसर पर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
स्टेराकास, न्यू फरक्का के सचिव निर्मल ठाकुर ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ निराला जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अध्यक्ष द्वारा आमंत्रित वक्ताओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साहेबगंज से सुधीर कुमार श्रीवास्तव, पुरुषोत्तम गुप्ता, श्याम लोचन एवं अमन कुमार होली; पटना से विनय कुमार झा ‘विमल’; बड़हरवा से सुश्री इंद्राणी; भागलपुर से सच्चिदानंद किरण तथा न्यू फरक्का से श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने निराला जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि निराला जी हिंदी साहित्य जगत के अद्वितीय साहित्यकार, कवि एवं पत्रकार थे। उनकी रचनाएं केवल साहित्यिक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम हैं। वर्तमान समय में भी उनकी कृतियां अत्यंत प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम के दौरान फागुन एवं होली विषयक कविताओं की प्रस्तुति से वातावरण उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुवादक श्री विद्यासागर राम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कनिष्ठ अनुवादक इंद्र ज्योति राय ने प्रस्तुत किया। समारोह ने मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ किया।



