बाराबंकी
गैस सिलेंडर से लगी आग में लाखों का सामान जलकर खाक दो सिलेंडर फटने से बचें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी के मसौली विकासखंड अंतर्गत रसौली कस्बे के फुलवारी बाग मोहल्ले में मंगलवार दोपहर एक घर में आग लग गई। चाय बनाते समय गैस सिलेंडर से निकली चिंगारी ने छप्परनुमा घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें उठने लगीं। आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बेकाबू आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि घर में दो भरे हुए एलपीजी सिलेंडर रखे थे। दमकल कर्मियों ने एक सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा सिलेंडर आग के बीच फंसा रहा। गनीमत रही कि किसी भी सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे आसपास के घरों और जान-माल को बड़ा नुकसान होने से बच गया। इस अग्निकांड में रामबाबू का पूरा घर जलकर राख हो गया। घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान, अनाज, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुएं नष्ट हो गईं। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गया है।



