शामली
हेज में मिली ग्रैंड विटारा कार को जलाने का प्रयास,जांच में जुटी पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव रामड़ा में गुरुवार देर रात अज्ञात व्यक्ति ने बैठक के बाहर खड़ी एक नई कार में आग लगाने का प्रयास किया। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में भय का माहौल है।
गांव रामड़ा निवासी हाफिज इस्लाम ने अपनी नई ग्रैंड विटारा कार (संख्या यूपी-19 एक्स-3125) बैठक के बाहर खड़ी कर रखी थी। धूल और मौसम से बचाने के लिए कार को कवर से ढका गया था। गुरुवार मध्यरात्रि अज्ञात व्यक्ति ने कार को जलाने के इरादे से कवर में आग लगा दी, जिससे कवर पूरी तरह जल गया। रात करीब 12:30 बजे पड़ोसी फुरकान पुत्र मोहसीन अपनी गाड़ी लेकर वहां पहुंचा तो उसने कार में आग लगी देखी। उसने तत्काल इसकी सूचना हाफिज इस्लाम को दी। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिससे कार को नुकसान नहीं पहुंचा। बताया गया कि यह कार हाफिज इस्लाम के पुत्र जावेद की 19 नवंबर को दिल्ली में हुई शादी में ससुराल पक्ष की ओर से दहेज के रूप में मिली थी। कार नई होने के कारण घटना को लेकर परिजन बेहद सहमे हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


