मथुरा

औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें तोड़ रहीं दम, नाले-नालियां कीचड़ में 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। शहर के विकास और राजस्व का एक बड़ा स्रोत माना जाने वाला औद्योगिक क्षेत्र आज अपनी ही बदहाली पर आंसू बहा रहा है। यहां की सड़कें पूरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं, जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। नाले-नालियां कीचड़ में गुम हो गए हैं। अव्यवस्था के कारण उद्यमियों, मजदूरों और आम लोगों का राह चलाना भी मुश्किल हो रहा है। हाईवे से औद्योगिक क्षेत्र तक आने वाले मार्ग का हाल सबसे ज्यादा खराब है। डेढ़ किमी लंबे मार्ग में करीब 60 से 70 गड्ढे हो गए हैं। जयगुरुदेव स्कूल में पढ़ने वाले नौनिहालों का भी इसी मार्ग से आना-जाना रहता है। मार्ग पर दो-दो फीट गहरे गड्ढे, मार्ग के बीच में टूटी पुलिया और कीचड़ में दफन नालियों में गिरने डर हमेशा सताता रहता है। बीते दिनों हुई बारिश के बाद मार्ग की हालत और खस्ता हो गई। छात्र-छात्राएं जलभराव के बीच से ही निकलने को मजबूर हैं। हाईवे तक सीधा मार्ग होने से दिनभर यहां भारी व छोटे वाहनों का आवागमन रहता है। इसके अलावा महोली रोड से औद्यौगिक क्षेत्र जाने वाले मार्ग का भी यही हाल है। कुल मिलाकर क्षेत्र में तीन प्रमुख मार्गों पर करीब 200 से अधिक गड्ढे हो रहे हैं, जो हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। वहीं कीचड़ और जलभराव के बीच से गुजरना लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। आए दिन वाहन, विशेषकर दोपहिया और ई-रिक्शा इन गड्ढों में फंसकर खराब हो रहे हैं। व्यापारियो ने कहा, हम सरकार को करोड़ों रुपये का टैक्स देते हैं, लेकिन बदले में हमें मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रहीं। इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button