ललितपुर

पड़ोसी की हत्या के मामले में रिटायर्ड फौजी गिरफ्तार

शराब के नशे में सिर पर मारी थी लकड़ी की फंटी

खाना बनाने को लेकर पत्नी और पुत्रवधू से हो रहा था विवाद
शोर सुनकर टोकने पहुंचे दुर्गाप्रसाद की उपचार के दौरान हुई थी मौत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के तालाबपुरा स्थित विदुआ कॉलोनी में पड़ोसी की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के दौरान पड़ोसी के सिर पर लकड़ी की फंटी से प्रहार कर दिया था। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मुकदमे में वांछित 60 वर्षीय हरिराम रजक उर्फ बाबूजी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की। विदुआ कॉलोनी निवासी आकाश पुत्र दुर्गाप्रसाद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 23 नवंबर की रात करीब आठ बजे उनके पड़ोसी हरिराम रजक के घर में खाना बनाने की बात को लेकर विवाद और शोर-शराबा हो रहा था। इस पर उनके पिता दुर्गाप्रसाद ने पड़ोसी के दरवाजे पर पहुंचकर शोर करने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर हरिराम ने आवेश में आकर बांस की फंटी से दुर्गाप्रसाद के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 1236/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी हरिराम ने बताया कि घटना वाली रात उसका अपनी पत्नी कुसुमलता और पुत्रवधू किशना से खाना बनाने की बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान पड़ोसी दुर्गाप्रसाद उसके दरवाजे पर पहुंचे और शोर करने पर आपत्ति जताई। उस समय उसने शराब पी रखी थी। आवेश में आकर उसने लकड़ी की फंटी से दुर्गाप्रसाद के सिर पर वार कर दिया और मौके से भाग गया। बाद में उसे दुर्गाप्रसाद की अस्पताल में मौत होने की जानकारी मिली। आरोपी कहीं बाहर जाने की फिराक में था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन, एएसपी कालू सिंह और सीओ सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी और उपनिरीक्षक प्रवीन दांगी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button